-
20 मई को CO-थाना को व्हाट्सएप पर दी सूचना, फिर भी कार्रवाई नहीं: मधुश्री महतो
Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुकड़ू प्रखंड में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बालू खनन को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सीओ एवं बीडीओ कुकड़ू जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं.

‘22-25 हाइवा रोज, रात 9 से सुबह 6 तक चलता है खेल’
मधुश्री महतो ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों से सूचना मिली है कि विगत 19 मई की रात 9 बजे से सुबह 5-6 बजे तक तिरुलडीह एवं नीमडीह थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन 22 से 25 हाइवा वाहनों से अवैध बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है. यह वैध है या अवैध, इस गंभीर विषय पर प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेना चाहिए. गश्ती पुलिस दल को सक्रिय कर स्थानीय प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जाए.
यह भी पढ़ें: NEET-UG 2026: फीस रिफंड के लिए NTA ने खोला ऑनलाइन पोर्टल, 27 मई तक बैंक डिटेल्स अपडेट करने का आखिरी मौका
20 मई को दी थी सूचना, नहीं हुई कार्रवाई
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि उन्होंने स्वयं 20 मई को व्हाट्सएप के माध्यम से कुकड़ू के अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तिरुलडीह एवं थाना प्रभारी नीमडीह को इस अवैध कारोबार की सूचना दी थी. लेकिन 4 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई. मधुश्री महतो ने आरोप लगाया कि जब जिला परिषद उपाध्यक्ष की सूचना पर कार्रवाई नहीं होती तो आम ग्रामीणों की कौन सुनेगा? इससे साफ है कि कहीं न कहीं प्रशासन की मिलीभगत है.
ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात में हाइवा के आवागमन से सड़कें खराब हो रही हैं. धूल और शोर से लोगों का जीना मुहाल है. स्वर्णरेखा नदी के घाटों से अंधाधुंध बालू उठाव के कारण जलस्तर भी गिर रहा है.
उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की मांग
1. तिरुलडीह-नीमडीह क्षेत्र में तत्काल छापेमारी कर अवैध बालू लदे हाइवा जब्त किए जाएं.
2. रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक खनन क्षेत्र में धारा 144 लागू कर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाय.
3. सूचना के बावजूद कार्रवाई न करने वाले पदाधिकारियों पर जांच बैठे.
4. वैध बालू घाटों की सूची सार्वजनिक कर रेट बोर्ड लगाया जाय.
यह भी पढ़ें: चूल्हा बुझा, पेट खाली, झारखंड में 4 हजार आउटसोर्स कर्मी 5 महीने से वेतन को तरस रहे
बालू माफिया को किसका संरक्षण?
मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड आदिवासी बहुल क्षेत्र है. यहां के संसाधनों की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि 48 घंटे में खनन बंद नहीं हुआ तो वे ग्रामीणों के साथ डीसी कार्यालय पर धरना देंगी और मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी. इस संबंध में कुकड़ू बीडीओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. वहीं तिरुलडीह थाना प्रभारी ने कहा कि सूचना मिली है. जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
