Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के जीएम काॅलोनी निवासी तथा डीवीसी कर्मी रामाशंकर राय एवं मंजू राय के पुत्र अभिषेक राय ने रांची के लालपुर स्थित लूप गैस्ट्रोपब, ईस्टर्न मॉल में उत्तर भारत के प्रतिष्ठित मेराकी फैशन शो में बाजी मारी और 7 जून को होने वाले ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह पक्की की है. इसके ऑडिशन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 200 पुरुष मॉडलों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बेहद कड़ी चयन प्रक्रिया और कड़े मुकाबले के बीच बोकारो थर्मल के रहने वाले अभिषेक राय ने बाजी मारते हुए ग्रैंड फिनाले के टॉप 10 मॉडलों में अपनी जगह पक्की कर ली है.

एफडीडीआई नोएडा से हासिल की बैचलर्स ऑफ डिजाइन की डिग्री
अभिषेक की इस शानदार सफलता से बोकारो थर्मल सहित पूरे जिले का नाम रौशन हुआ है. अब इस प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले आगामी 7 जून को रांची के मोराबादी स्थित ऑलिव्स में आयोजित किया जाएगा, जहां देश भर के चुनिंदा मॉडल्स के बीच खिताबी जंग होगी. चयनित मॉडल अभिषेक राय का फैशन की दुनिया से पुराना और गहरा नाता रहा है. उन्होंने देश के सुप्रसिद्ध फैशन संस्थान एफडीडीआई नोएडा से बैचलर्स ऑफ डिजाइन की डिग्री हासिल की है, जो भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन संचालित होता है. इसके अलावा वे फैशन की उच्च शिक्षा के लिए लंदन का दौरा भी कर चुके हैं. माता-पिता सहित बोकारो थर्मल के लोगों ने अभिषेक की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए आगामी 7 जून को होने वाले ग्रैंड फिनाले के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.
यह भी पढ़ें: आद्रा मंडल में ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026’ के तहत स्वच्छता व जन-जागरूकता अभियान तेज
