Bundu/Ranchi: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) रांची एवं अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बुण्डू प्रखंड परिसर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता-सह-रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, वहीं मौके पर उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए. यह कार्यक्रम न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश तथा सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया.

50 ग्रामीणों की समस्याएं ऑन-द-स्पॉट सुनी गईं
कार्यक्रम में डालसा सचिव राकेश रौषन मुख्य रूप से उपस्थित रहे. उनके साथ डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के अध्यक्ष नितेष कुमार, राज प्रभारी राजेश कुमार, बुण्डू अंचलाधिकारी, प्रखंड कर्मी एवं पीएलवी मौजूद रहे. शिविर के दौरान करीब 50 ग्रामीणों की समस्याएं ऑन-द-स्पॉट सुनी गईं. ग्रामीणों द्वारा जमीन विवाद, अबुआ आवास योजना, वृद्धा पेंशन तथा न्यायालय से जुड़े मामलों के आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन्हें पढ़कर डालसा सचिव ने संबंधित विभागों एवं अंचलाधिकारी को अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया.
ग्रामीणों को कानूनी सहायता का लाभ उठाने की अपील
विधिक जागरूकता सत्र में ग्रामीणों को पेसा-2025, पॉक्सो एक्ट, मोटर वाहन दुर्घटना अधिनियम तथा नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत कानूनी जानकारी दी गई. अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कानूनी सहायता का लाभ उठाने की अपील की. इस मौके पर डालसा सचिव राकेश रौषन ने कहा, कि रक्तदान एक जीवन रक्षक और परोपकारी कार्य है, जिसे समाज में “महादान” का दर्जा प्राप्त है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ने पर स्वैच्छिक रक्तदाता किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान कर समाज सेवा में भागीदारी निभाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में रक्तदान शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं के बीच खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया.
यह भी पढ़ें: महिंद्रा बोलेरो पिकअप चोरी मामले का गुमला पुलिस ने किया उद्भेदन, एक गिरफ्तार
