Click Here
Click Here
Click Here

रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर पद पर सियासी जंग: पार्षदों की गिनती और समीकरण साधने में जुटे BJP, कांग्रेस और JMM

रांची: नगर निगम चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब शहर की राजनीति का केंद्र डिप्टी मेयर पद बन गया है....

रांची: नगर निगम चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब शहर की राजनीति का केंद्र डिप्टी मेयर पद बन गया है. भाजपा, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) तीनों ही दल इस पद पर अपनी-अपनी संभावनाएं तलाशने में जुट गये हैं. सभी दल अपने समर्थक पार्षदों की संख्या का आकलन कर राजनीतिक समीकरण साधने में लगे हुए हैं.

BJP सबसे अधिक उत्साहित

डिप्टी मेयर पद को लेकर भाजपा सबसे अधिक उत्साहित नजर आ रही है. पार्टी नेताओं का कहना है कि लगभग दो दर्जन पार्षद भाजपा से जुड़े हुए हैं, इसलिए इस पद पर पार्टी का स्वाभाविक दावा बनता है. भाजपा सूत्रों के अनुसार निगम में सबसे अधिक पार्षद भाजपा समर्थित हैं, जिससे पार्टी खुद को मजबूत स्थिति में मान रही है.

कांग्रेस भी सक्रिय, आशा देवी का नाम आगे

इधर कांग्रेस भी अपनी दावेदारी को लेकर सक्रिय हो गई है। कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि वार्ड 18 की पार्षद आशा देवी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है. वह कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत कर डिप्टी मेयर पद के लिए आशा देवी की दावेदारी पेश करेंगे। आशा देवी कांग्रेस से जुड़ी हुई हैं और राजेश गुप्ता छोटू की बड़ी बहन भी हैं.

Also Read: HC ने कहा—पीड़ा में मरीज की प्रतिक्रिया पर बर्खास्तगी गलत, मृतक कर्मचारी के परिजनों को मिलेगा पूरा बकाया वेतन

JMM नई रणनीति पर कर रहा विचार

झारखंड मुक्ति मोर्चा भी इस पद को लेकर अपनी रणनीति बना रहा है. पार्टी के संभावित दावेदार सोमवित मांझी चुनाव हार गए हैं. ऐसे में अब झामुमो किसी अल्पसंख्यक उम्मीदवार को मैदान में उतारने की रणनीति पर विचार कर रहा है. फिलहाल पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश का इंतजार कर रही है.

भाजपा में कई नामों पर मंथन

भाजपा की ओर से प्रदेश नेतृत्व भी इस मामले में दिलचस्पी ले रहा है. प्रदेश स्तर से भाजपा समर्थित पार्षदों की सूची मांगी गई है. महानगर इकाई से यह भी पूछा गया है कि संबंधित पार्षद कितने समय से पार्टी से जुड़े हैं, उनका अनुभव क्या है और आगे पार्टी के लिए उनका संभावित योगदान क्या हो सकता है.

भाजपा महानगर सूत्रों के अनुसार वार्ड 1 के पार्षद नकुल तिर्की, वार्ड 21 के सुनील यादव, वार्ड 28 की रश्मि चौधरी, वार्ड 26 के प्रदीप कुमार और वार्ड 40 की पार्षद सुचिता रानी रॉय के नामों पर विचार किया जा रहा है. इन सभी पार्षदों ने दो या उससे अधिक बार चुनाव जीतने का अनुभव हासिल किया है.

वरिष्ठ नेताओं की राय भी होगी अहम

इन संभावित नामों पर रांची के विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल और रांची सांसद सह केंद्रीय मंत्री संजय सेठ की राय भी ली जाएगी. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार इस बार डिप्टी मेयर पद के कई पुराने चेहरे चुनाव नहीं जीत सके हैं. ऐसे में पार्टी किसी नए चेहरे को मौका दे सकती है.

होली के बाद हो सकता है अंतिम फैसला

फिलहाल डिप्टी मेयर पद को लेकर सभी दलों में मंथन जारी है. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि होली के बाद इस पद को लेकर अंतिम निर्णय सामने आ सकता है.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *