Ranchi : झारखंड के सरकारी स्कूलों की सूरत और सीरत बदलने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अब डिजिटल एक्टिव मोड में हैं. सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान, अचानक वीडियो कॉलिंग के जरिए कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (बुंडू) का ऑनलाइन औचक निरीक्षण किया. स्कूल की वार्डन और ऑन-ड्यूटी कर्मियों से लाइव बात कर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लिया. फिलहाल छुट्टियों के कारण 525 छात्राएं अपने घर गई हुई हैं, लेकिन सीएम ने खाली पड़े स्कूल के किचन और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था को खुद स्क्रीन पर लाइव देखा.

समीक्षा में सामने आया कि यहां की बेटियां सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं हैं, वे स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर कोडिंग, पेंटिंग्स और खेलों में भी कमाल का प्रदर्शन कर रही हैं. मुख्यमंत्री सोरेन ने इस हाई-टेक निरीक्षण के बाद साफ संदेश दिया कि राज्य की बेटियों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में अव्वल बनाना सरकार की प्राथमिकता है. शिक्षा के साथ-साथ बेटियों का सर्वांगीण विकास ही नया झारखंड गढ़ेगा.
ALSO READ : स्कूलों में अब Mental Health पर खास फोकस, बच्चों के तनाव को कम करने की पहल
