Newswave Desk: भारत की चर्चित एडटेक कंपनी BYJU’S के फाउंडर Byju Raveendran को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. सिंगापुर की अदालत ने उन्हें बड़ा झटका देते हुए 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है. कोर्ट का कहना है कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों से जुड़े कई अदालती आदेशों का बार-बार उल्लंघन किया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगापुर कोर्ट ने रवींद्रन को Beer Investco Pvt Ltd के कानूनी स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया है. यह कंपनी एक संबंधित इकाई में हिस्सेदारी रखती है. अदालत ने उन्हें अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का आदेश भी दिया है. इसके अलावा कोर्ट ने उन पर 90 हजार सिंगापुर डॉलर यानी करीब 70 हजार अमेरिकी डॉलर की कानूनी लागत भी लगाई है.
बायजू रवींद्रन की आर्थिक स्थिति भी अब काफी बदल चुकी है
कभी भारत के सबसे सफल स्टार्टअप फाउंडर्स में गिने जाने वाले बायजू रवींद्रन की आर्थिक स्थिति भी अब काफी बदल चुकी है. फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स 2024 के अनुसार, अप्रैल 2023 में उनकी नेटवर्थ करीब 2.1 बिलियन डॉलर यानी लगभग 17,500 करोड़ रुपये थी. लेकिन बाद में फोर्ब्स ने उन्हें अपनी अरबपतियों की सूची से बाहर कर दिया.
वहीं निवेश कंपनी BlackRock ने भी BYJU’S की वैल्यूएशन को 22 बिलियन डॉलर से घटाकर सिर्फ 1 बिलियन डॉलर कर दिया. हालात यहां तक पहुंच गए कि कंपनी के शेयरहोल्डर्स ने रवींद्रन को CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की. फिलहाल रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ शून्य बताई जा रही है.
