Ranchi: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो द्वारा पुलिस बल के खिलाफ दिए गए हालिया बयानों पर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है. एसोसिएशन के संयुक्त सचिव राकेश पाण्डेय एक आधिकारिक बयान जारी कर विधायक के आचरण पर गहरी आपत्ति जताई है और उनके कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है. एसोसिएशन का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से शालीनता की उम्मीद की जाती है, न कि अहंकार, बदजुबानी और पुलिस का मनोबल तोड़ने वाले व्यवहार की.

सस्ती लोकप्रियता के लिए पुलिस को कठघरे में खड़ा करना दुर्भाग्यपूर्ण
एसोसिएशन ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी एकजुटता दिखाते हुए कहा, मासूम अदिति एवं उनके पीड़ित परिवार के प्रति झारखंड पुलिस एसोसिएशन अपनी गहरी और सच्ची संवेदना रखता है. राज्य का एक-एक पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर, दिन-रात जनता की सुरक्षा में तत्पर रहता है. पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो पर तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधायक जयराम महतो जी द्वारा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए फोन कॉल को सार्वजनिक किया जा रहा है. कैमरे के सामने पुलिस को कठघरे में रखना और अनावश्यक धमकी देना, चौबीस घंटे अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों के मनोबल को गिराता है. वर्दी पर कीचड़ उछालकर राजनीतिक रोटियां सेकने की यह कोशिश पुलिस के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाती है.
हमारे लिए राज्य का हर नागरिक VIP है
एसोसिएशन ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में पुलिस की छवि धूमिल करने के प्रयासों का पुरजोर जवाब दिया है. एसोसिएशन ने स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि झारखंड पुलिस के लिए राज्य का हर एक आम नागरिक वीआईपी है. किसी भी अपराध या घटना पर पुलिस कानून के दायरे में रहकर अपराधियों को पकड़ने और न्याय दिलाने के लिए अथक प्रयास करती है.
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि माननीय विधायक का यह कृत्य समाज में पुलिस के प्रति घृणा और अविश्वास फैलाने की एक सोची-समझी कोशिश है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले जवानों के खिलाफ इस तरह की अनर्गल बयानबाजी से न सिर्फ पुलिस बल का मनोबल टूटता है, बल्कि अराजकता को बढ़ावा मिलता है.
