Ranchi: अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को लेकर सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ADG (मुख्यालय) सह IG, रांची प्रक्षेत्र ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी नेटवर्क विस्तार, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर विशेष अभियान, संगठित अपराधियों व भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बैठक में पीसीआर, टाइगर मोबाइल, शक्ति कमांडो और हाईवे पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, लंबित कांडों में वैज्ञानिक अनुसंधान और समय पर आरोप-पत्र समर्पित करने पर विशेष जोर दिया गया.

यह भी पढ़ें: हेमंत सरकार का बड़ा फैसला: जमीन खरीदने से पहले मिलेगी पूरी ऑनलाइन जानकारी, पंचायतों में बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस
शिक्षण संस्थानों के आसपास ड्रग्स की तस्करी रोकें
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने तथा 10 से 25 जून तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. बैठक में रंगदारी, आपराधिक गिरोहों और भूमि संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए इनके विरुद्ध निरंतर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया. बैठक के अंत में उत्कृष्ट पुलिस कार्य, अपराध नियंत्रण और महत्वपूर्ण कांडों के सफल उद्भेदन के लिए एसएसपी, सिटी एसपी सहित कई अनुसंधानकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
यह भी पढ़ें: ट्रेजरी वेतन घोटाला: अब सीआईडी खंगाल रही कैश ट्रेल, ऑनलाइन के बाद अब नकदी के खेल पर नजर
