Gumla: गुमला जिला के घाघरा थाना क्षेत्र के चुंदरी गांव में शुक्रवार को हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गांव निवासी लारसा महतो के खपरैल मकान पर एक विशालकाय आम का पेड़ गिर गया. जिससे घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सौभाग्यवश घटना के समय घर में मौजूद लोगों को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं पेड़ गिरने से बिजली का एक पोल भी टूट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा और बारिश के कारण पुराना आम का पेड़ अचानक टूटकर मकान की छत पर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही खपरैल छत क्षतिग्रस्त हो गई और घर के एक बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा.
जर्जर हो चुके पेड़ को कटवाने का अनुरोध
पीड़ित लारसा महतो ने बताया कि उन्होंने कई बार पेड़ के मालिक से पुराने और जर्जर हो चुके पेड़ को कटवाने का अनुरोध किया था, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ को हटाया गया होता तो इस नुकसान से बचा जा सकता था. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

ग्रामीणों ने क्या कहा…
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का सर्वे कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान कमजोर और पुराने पेड़ लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं, इसलिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए.
ALSO READ: Ranchi University में सिर्फ वोकेशनल स्टाफ को मिलेगी गर्मी की छुट्टी
