Hazaribagh: शुक्रवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ रेलवे परिचालन को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया. नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के कोडरमा-गया सेक्शन, खासकर गुरपा-गंझड़ी घाट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही. दुरंतो एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के इंजन में खराबी आने से डाउन लाइन पर ट्रेनों की लंबी कतार लग गई, जबकि अप लाइन में भी मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट जाने से परिचालन प्रभावित हुआ.
दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन फेल, डेढ़ घंटे तक खड़ी रही ट्रेन
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से हावड़ा जा रही 12260 दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन सुबह करीब साढ़े आठ बजे बसकटवां और नाथगंज स्टेशन के बीच 413/44 किलोमीटर पर अचानक खराब हो गया. यह इलाका गुरपा-गंझड़ी घाट सेक्शन के अंतर्गत आता है, जो रेलवे के लिए संवेदनशील माना जाता है. इंजन खराब होने के बाद गंझड़ी स्टेशन से बैंकर इंजन भेजा गया. ट्रेन लगभग 70 मिनट तक घाट सेक्शन में खड़ी रही. बाद में दुरंतो एक्सप्रेस को सुबह करीब 10:30 बजे कोडरमा स्टेशन लाया गया, जहां रेलवे कर्मियों ने इंजन की जांच की. काफी प्रयास के बाद भी 11:30 बजे तक खराबी दूर नहीं हो सकी, जिसके बाद बैंकर इंजन की मदद से ट्रेन को धनबाद की ओर रवाना किया गया.
दुर्गापुर की लोडेड मालगाड़ी भी घाट सेक्शन में हुई खराब
इसी दौरान घाट सेक्शन में चल रही दुर्गापुर की एक लोडेड मालगाड़ी का इंजन भी खराब हो गया. इससे रेलवे की परेशानी और बढ़ गई. दूसरे बैंकर इंजन की मदद से मालगाड़ी को किसी तरह गंझड़ी स्टेशन तक लाया गया. दो-दो इंजनों में खराबी आने के कारण घाट सेक्शन में रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया और लगभग आधा दर्जन मेल एवं मालगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं. धनबाद रेल कंट्रोल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था.
वंदे भारत, जन शताब्दी और अजमेर-सियालदह सहित कई ट्रेनें फंसी
डाउन लाइन में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा. गुरपा स्टेशन पर अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस सुबह साढ़े आठ बजे से खड़ी रही. वहीं पटना-रांची बंदे भारत एक्सप्रेस को टनकुप्पा स्टेशन पर रोका गया. पटना-रांची जन शताब्दी एक्सप्रेस तथा कोडरमा-गोमो-बोकारो होकर चलने वाली अन्य ट्रेनों को पहाड़पुर स्टेशन पर रोकना पड़ा. इसके अलावा गया जंक्शन और आसपास के स्टेशनों पर भी कई ट्रेनों को नियंत्रित किया गया.
अप लाइन में मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी
उधर, अप लाइन में भी बड़ी घटना सामने आई. कोडरमा स्टेशन से खुलने के बाद बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कोडरमा और गंझड़ी के बीच दो हिस्सों में बंट गई. इस कारण अप लाइन पर भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही. दिन 11:30 बजे से दोपहर सवा 12 बजे तक हटिया-पटना सुपर एक्सप्रेस, गया वंदे भारत एक्सप्रेस तथा आसनसोल-वाराणसी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को कोडरमा, हिरोडीह और शर्मा टांड़ स्टेशनों पर रोककर रखा गया.
प्री-मानसून बारिश में पहली बड़ी रेल बाधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्री-मानसून बारिश के दौरान घाट सेक्शन में यह पहली बड़ी तकनीकी बाधा है. गुरपा-गंझड़ी घाट क्षेत्र को अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, जहां 24 घंटे निगरानी रखी जाती है. भारी बारिश के दौरान चट्टान खिसकने और ट्रैक पर मलबा आने की आशंका बनी रहती है. बारिश के चलते रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड में है और लगातार ट्रैक तथा इंजन की मॉनिटरिंग की जा रही है.
यह भी पढ़ें: सरकारी योजनाओं की जांच को लेकर जिलेभर में चलाया जाएगा विशेष निरीक्षण अभियान


