Simdega: जिले के जलडेगा प्रखंड में मंईयां सम्मान योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. टीनगिना पंचायत में आयोजित वेरिफिकेशन कैंप के दौरान जांच में खुलासा हुआ कि पंकज नाग नामक युवक कथित रूप से महिला बनकर योजना का लाभ ले रहा था. जांच में पता चला कि आरोपी जून 2025 से अब तक लगभग 30 हजार रुपये अपने बैंक खाते में प्राप्त कर चुका था.
आरोपी के बैंक खाते को कर दिया गया होल्ड
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के बैंक खाते को होल्ड कर दिया तथा राशि रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार के निर्देश पर पंकज नाग और प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चाणक्य के खिलाफ जलडेगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फर्जीवाड़े में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. घटना के बाद योजना के लाभुकों के सत्यापन अभियान को और तेज कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें: SIR को लेकर SDO ने की बैठक, पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची तैयार करने का दिया निर्देश
