Hazaribagh : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित जमुआरी गांव में मुखिया पर रिश्वत मांगने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित श्रवण कुमार ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि वह अपने पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर और मोहर कराने के लिए पिछले छह महीनों से प्रयास कर रहा था. इसी सिलसिले में वह अपनी बहन कविता कुमारी के साथ मुखिया के घर पहुंचा था.
हस्ताक्षर के बदले 5 हजार रुपये मांगने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि कुसुम्भा पंचायत के मुखिया कल्लू राम ने मृत्यु प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर और मोहर लगाने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की. जब उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कम राशि देने की बात कही, तो कथित रूप से हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया गया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.

ALSO READ : वेतन संकट से जूझ रहे रिम्सकर्मी, भुगतान की मांग को लेकर वित्त निदेशक कार्यालय का किया घेराव
मुखिया और परिजनों पर मारपीट का आरोप
आवेदन के अनुसार विवाद के बाद मुखिया के परिवार के कई सदस्यों ने मिलकर श्रवण कुमार और उसकी बहन के साथ लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट की. घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
लूटपाट और धमकी देने का भी आरोप
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान नकद राशि, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज भी छीन लिए गए. साथ ही मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी डिलीट कर दिया गया. आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
घायल श्रवण कुमार ने कटकमदाग थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : CBI का बड़ा एक्शन: सीसीएल गिद्दी-सी परियोजना के मैनेजर समेत 5 अधिकारियों और कर्मियों के ठिकानों पर छापेमारी
