बोकारो एसपी ने बेरमो अनुमंडल के कई थानों का किया निरीक्षण, कहा- ‘अपराधियों में हो कानून का खौफ’

Bokaro: बोकारो के पुलिस कप्तान जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जन-शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर लगातार कड़े कदम...

Bokaro: बोकारो के पुलिस कप्तान जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जन-शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर लगातार कड़े कदम उठा रहे हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को एसपी नाथू सिंह मीणा ने बेरमो अनुमंडल के अंतर्गत आने वाले कई संवेदनशील और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा किया. उन्होंने ललपनिया ओपी, महुआटांड थाना, जगेश्वर विहार थाना, दनिया पिकेट, रहावन ओपी और झुमरा स्थित सीआरपीएफ कैंप का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कड़े लहजे में हिदायत दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान एसपी ने सभी थाना, ओपी, पिकेट और कैंप क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने थानों के सीरिस्ता (कार्यालय) के दस्तावेजों की जांच की और परिसरों में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया. वहां तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से बातचीत कर उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों की जानकारी ली और सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

यह भी पढ़ें: बोकारो के निजी अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना जरूरी: एसपी

एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों में कानून का खौफ कायम करना होना चाहिए. मुख्यालय स्तर पर मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर देते हुए एसपी ने लंबे समय से लंबित कांडों, वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती के मामलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि इन सभी कानूनी प्रक्रियाओं का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके. इसके अलावा, आम नागरिकों से जुड़े मामलों जैसे पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की फाइलों को भी बिना किसी देरी के समयबद्ध तरीके से निपटाने का आदेश दिया गया, ताकि जनता को बेवजह थानों के चक्कर न काटने पड़ें. ग्रामीणों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से एसपी ने एक बड़ा फैसला सुनाया.

यह भी पढ़ें: गढ़वा: बंद घर में मिला मां और मासूम बेटे का शव, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

सप्ताह में एक दिन ‘थाना दिवस’ का हो आयोजन

एसपी ने निरीक्षण के दौरान मौजूद सभी थाना प्रभारियों को यह अनिवार्य रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक थाने में सप्ताह में एक दिन ‘थाना दिवस’ का आयोजन किया जाए. इस विशेष दिवस पर पुलिस अधिकारी सीधे आम जनता की समस्याओं को सुनेंगे और उनका त्वरित व विधिवत समाधान करेंगे. एसपी के इस मैराथन दौरे से पूरे बेरमो अनुमंडल के पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल देखा गया, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के इस कड़े रुख और संवेदनशीलता की सराहना की है. मौके पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *