Jamtara : 20वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका खो-खो प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 29 से 31 मई तक गांधी मैदान, जामताड़ा में किया जा रहा है. प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डी.डी. भंडारी ने उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया. जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि जामताड़ा में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना जिले के लिए गौरव की बात है. प्रतियोगिता में झारखंड के 16 जिलों की बालिका खिलाड़ी, अधिकारी एवं पदाधिकारी सहित लगभग 300 प्रतिभागी शामिल हुए हैं.

रामगढ़ की बड़ी जीत, चतरा को 19 अंकों से हराया
यह प्रतियोगिता भारतीय खो-खो संघ के निर्देशानुसार तथा पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन जामताड़ा के सहयोग से आयोजित की जा रही है. दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में गिरिडीह ने जामताड़ा को 7 अंकों से हराया, रामगढ़ ने चतरा को 19 अंकों से पराजित किया. ऑल स्पोर्ट्स अकादमी ने पलामू को 9 अंकों से शिकस्त दी. डे बोर्डिंग रांची ने धनबाद को 15 अंकों से हराया, जबकि चतरा ने हजारीबाग को 12 अंकों से पराजित किया. पाकुड़ और सिमडेगा के बीच भी मुकाबला खेला गया. प्रतियोगिता को सफल बनाने में जिला खो-खो संघ के मुख्य संरक्षक अजय चंद्र सिंह, संरक्षक श्यामल मंडल, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, उपाध्यक्ष कमलेश मंडल, भूपेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, सह-कोषाध्यक्ष आकाश साव, संजय पशुरामका, दीपक रजक सहित संघ के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.

Also Read : विकास कार्यों को लेकर DVC और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बढ़ी खींचतान
