Ranchi: प्रांतीय यादव महासभा झारखंड (जिला इकाई रांची) के तत्वावधान में आयोजित “प्रदेश अध्यक्ष सम्मान समारोह” में बड़ी संख्या में यादव समाज के गणमान्य लोग, पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित हुए. कार्यक्रम चैम्बर भवन, मेन रोड, रांची में आयोजित किया गया.

समारोह में अखिल भारतीय यादव महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चौधरी जगराम सिंह यादव एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बलवंत कुमार यादव का विशेष रूप से सम्मान किया गया. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजबंधुओं ने बलवंत कुमार यादव को पुष्प गुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके नेतृत्व में समाज की एकता एवं विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की.

समाज की एकता और युवाओं की भागीदारी पर जोर
इस अवसर पर वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पीताम्बर दास एवं झारखंड प्रभारी सह राष्ट्रीय महासचिव मनोज सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. वक्ताओं ने यादव समाज को संगठित करने, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया.
कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए समाज के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही. सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा समाज के उत्थान एवं संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया.
