Jamtada: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पश्चिम बंगाल में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और विपक्षी नेताओं पर कथित हमलों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. जामताड़ा में एक सड़क शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत होती रहती है, लेकिन राजनीतिक हिंसा किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हो सकती. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. मंत्री ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और उनके इलाज में भी लापरवाही बरती गई. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है और भय के कारण उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं करा पा रहा है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर दिलाई गई शपथ, तंबाकू मुक्त समाज निर्माण का दिया गया संदेश

विपक्षी नेताओं पर हमले लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय
डॉ. अंसारी ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आग्रह करते हुए कहा कि यदि वहां विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता है तो अभिषेक बनर्जी को झारखंड भेजा जाए. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए तैयार है. पश्चिम बंगाल में विपक्षी नेताओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी होती है, लेकिन विपक्षी नेताओं पर लगातार हमले लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग के सतेधिरी जंगल में पत्थर पर बनी ‘सप्तनाग’ की आकृति, आस्था और विज्ञान के बीच छिड़ी चर्चा
भाजपा का मुकाबला करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा
डॉ. अंसारी ने झारखंड और बिहार के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी चुनाव हुए और सत्ता परिवर्तन हुए, लेकिन इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने नहीं आईं. उन्होंने विपक्षी एकता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने की राजनीति कर रही है. कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे.
