Hazaribagh: जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और मनचलों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने देर रात से अहले सुबह तक व्यापक विशेष अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडलों और थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई. पुलिस के अनुसार, यह अभियान जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में संचालित किया गया. अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास तथा उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई, जहां अक्सर युवकों की भीड़ जुटने और अड्डेबाजी की शिकायतें मिलती रही हैं.
यह भी पढ़ें: कोडरमा में NEET की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परीक्षा रद्द होने के बाद थी तनाव में

175 पुलिसकर्मी मैदान में उतरे
विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर में कुल 44 टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों में 175 पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को शामिल किया गया. सभी टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में देर रात तक सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित 101 स्थानों पर छापेमारी की. इन स्थानों पर युवकों की अनावश्यक भीड़, सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर अड्डेबाजी तथा राहगीरों को परेशान करने जैसी गतिविधियों की शिकायतें प्राप्त हुई थीं.
64 मनचले पुलिस की पकड़ में आए
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 64 मनचले एवं संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर संबंधित थानों में लाया. पूछताछ और सत्यापन के बाद सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई तथा पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, महिलाओं एवं युवतियों को परेशान करने या कानून-व्यवस्था भंग करने की स्थिति में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एक आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
छापेमारी अभियान के दौरान एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. हालांकि पुलिस ने उसकी पहचान और गिरफ्तारी के कारणों का खुलासा नहीं किया है.
पुलिस की दो टूक: आगे भी जारी रहेगा अभियान
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी, छेड़खानी, मनचलों की गतिविधियों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. पुलिस का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है.
लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में मनचलों की गतिविधि, छेड़खानी, नशाखोरी या अड्डेबाजी की सूचना मिलती है तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें. सूचना प्राप्त होते ही उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
