Hazaribagh: झारखंड में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है. कोर्रा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क सिर्फ हजारीबाग तक सीमित नहीं था, बल्कि राज्य के कई जिलों में फैला हुआ था. पुलिस को सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र में कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा और जुए का अवैध कारोबार चला रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद हजारीबाग मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में कोर्रा थाना और लोहसिंघना थाना के पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे. छापेमारी के दौरान एक युवक भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया.

मोबाइल जांच में बड़े खुलासे
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है. वह इचाक थाना क्षेत्र के बोंगा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में कोर्रा थाना क्षेत्र के सिविल लाइन रोड में रह रहा था. उसके मोबाइल की जांच में SKYEXCHANGE, AXIS444, RED444 और GO PANEL जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल के सबूत मिले है. पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह अपने साथी प्रिंस कुमार के साथ मिलकर यह नेटवर्क चला रहा था. दोनों सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर जोड़ते थे और उन्हें बेटिंग आईडी उपलब्ध कराते थे. जांच में “जेपीएसआर ग्रुप” नाम से मास्टर आईडी बनाकर सिस्टम चलाने की बात भी सामने आई है.
कई जिलों तक फैला नेटवर्क
पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क हजारीबाग तक सीमित नहीं था. रामगढ़, रांची, चतरा समेत कई जिलों में इसका विस्तार होने के संकेत मिले हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के मोबाइल और डिजिटल रिकॉर्ड से पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. प्रारंभिक जांच में इस अवैध कारोबार का टर्नओवर लगभग 3 से 4 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है. हालांकि वास्तविक आंकड़ा फॉरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगा. इस मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 94/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.
ALSO READ: बेहतर पुलिसिंग के लिए पलामू SP का बड़ा कदम, मेदिनीनगर के तीनों TOP प्रभारी लाइन क्लोज
