Palamu: जिला में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तीन प्रमुख टाउन आउट पोस्ट (TOP) 01, 02 और 03 के वर्तमान प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया गया है. इस कार्रवाई के बाद SP ने पुलिसिंग व्यवस्था में नया बदलाव लागू किया है. अब इन तीनों टीओपी प्रभारियों की तैनाती संबंधित टाउन थाना प्रभारी के माध्यम से की जाएगी और यह व्यवस्था हर 15 दिन में रोटेशन के आधार पर बदली जाएगी.

पहले की व्यवस्था में TOP प्रभारी सीधे उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट करते थे, जिससे स्थानीय थाना प्रभारी को क्षेत्र की गतिविधियों की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती थी. इसी संवादहीनता को दूर करने के लिए यह नया सिस्टम लागू किया गया है. अब टाउन थाना के अंतर्गत आने वाले सभी TOP का पूरा नियंत्रण टाउन थाना प्रभारी के पास रहेगा.
एसपी कपिल चौधरी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा…
नई व्यवस्था के तहत किसी भी घटना या कार्रवाई की पहली सूचना अब टाउन थाना प्रभारी को दी जाएगी और उन्हीं के निर्देशन में TOP प्रभारी कार्य करेंगे. एसपी कपिल चौधरी ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है. इस नई रोटेशन प्रणाली से पुलिसिंग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
ALSO READ: रोस्टर में फॉगिंग, सड़कों पर मच्छरों का राज ! आखिर रांची नगर निगम की 8 फॉगिंग गाड़ियां कहां हैं?
