टाटा स्टील के पूर्व स्पोर्ट्स ऑफिसर और अर्जुन अवार्डी बलविंदर सिंह का निधन

Jamshedpur: टाटा स्टील के पूर्व स्पोर्ट्स ऑफिसर और लगातार दस वर्षों तक शॉट पुट के नेशनल चैंपियन रहे अर्जुन अवार्डी सरदार बलविंदर...

Jamshedpur: टाटा स्टील के पूर्व स्पोर्ट्स ऑफिसर और लगातार दस वर्षों तक शॉट पुट के नेशनल चैंपियन रहे अर्जुन अवार्डी सरदार बलविंदर सिंह ‘बाबा धालीवाल’ का निधन हो गया है. 68 वर्षीय बलविंदर सिंह लंबे समय से फेफड़े के कैंसर से पीड़ित थे. उन्होंने सोमवार को चंडीगढ़ के लिवासा अस्पताल में अंतिम सांस ली. वह अपने पीछे पत्नी हरदीश कौर, बेटे परमजीत सिंह और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन से खेल जगत और टाटा स्टील परिवार में शोक की लहर है.

मूल रूप से पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले बलविंदर सिंह का शॉट पुट में ऐसा दबदबा था कि उनकी उपलब्धियों को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया था. टाटा स्टील से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह खेल से लगातार जुड़े रहे. वह स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), एथलीट फेडरेशन ऑफ इंडिया और पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़कर युवा खिलाड़ियों को तराशने का काम कर रहे थे.

ALSO READ: बेहतर पुलिसिंग के लिए पलामू SP का बड़ा कदम, मेदिनीनगर के तीनों TOP प्रभारी लाइन क्लोज

युवा खिलाड़ियों को दे रहे थे प्रशिक्षण

वर्तमान में वह चंडीगढ़ में एक स्पोर्ट्स एकेडमी चला रहे थे, जहां से प्रशिक्षण पाकर करीब 20 से 25 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया. इसके अलावा वह दिल्ली के गुरुद्वारा बाबा विरसा सिंह गोविंद सदन के प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बलविंदर सिंह का अंतिम संस्कार 3 जून को चंडीगढ़ के सेक्टर 25 स्थित बर्निंग घाट पर किया जाएगा. उनकी बेटी हरमन कौर के इंग्लैंड से लौटने के बाद अंतिम विदाई दी जाएगी.

उनके निधन पर टाटा स्टील खेल विभाग के पदाधिकारियों, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, इंटरनेशनल साइकिलिस्ट सरदार इंद्रजीत सिंह सहित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रणजीत सिंह, शैलेंद्र सिंह, प्रधान सरदार निशान सिंह, कौमी सिख मोर्चा के अध्यक्ष अधिवक्ता कुलबिंदर सिंह, सतबीर सिंह सोमू तथा देश के कई नामचीन खिलाड़ियों और खेल संघों ने गहरा दुख व्यक्त किया है. खेल प्रेमियों ने इसे राष्ट्र और खेल जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *