Chakardharpur: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बंदगांव में जून माह को मलेरिया रोधी माह के रूप में मनाए जाने के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाईक की उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को मलेरिया उन्मूलन और जनजागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई. साथ ही बढ़ती गर्मी और हीट वेव से बचाव को लेकर भी आवश्यक जानकारी दी गई.

जून माह भर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम में बताया गया कि मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए जून माह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इसके तहत ग्राम गोष्ठी, प्रभात फेरी, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रखंड स्तरीय हितधारकों का सहयोग, बैनर-पोस्टर तथा समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा. अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाकर मलेरिया के मामलों को न्यूनतम स्तर तक पहुंचाना है.
ALSO READ : गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथी दुकानदारों से तीखी नोकझोंक, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग
मिशन उदय के तहत चल रहा सर्वेक्षण और निगरानी कार्य
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में मिशन उदय के तहत आंगनबाड़ी केंद्र स्तर पर निगरानी एवं सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है. इसके माध्यम से संभावित मरीजों की पहचान, जांच और पूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है. वहीं, उच्च जोखिम वाले चिन्हित गांवों में इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस) के माध्यम से मलेरिया रोधी अभियान भी चलाया जा रहा है.
मच्छरदानी के उपयोग और समय पर जांच की अपील
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाईक ने कहा कि मलेरिया एक रोकथाम योग्य बीमारी है और समय पर जांच, उपचार तथा जनजागरूकता के माध्यम से इसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की. कार्यक्रम में बीपीएम, भीबीडी पदाधिकारी, एमपीडब्ल्यू, एएनएम, मलेरिया ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
