Koderma:जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के चंदवारा पूर्वी पंचायत अंतर्गत घोरवाटांड़ मोहल्ला निवासी लक्ष्मण यादव के मिट्टी के घर में बुधवार को अचानक आग लग गई. आग लगने से घर में रखा अनाज, पुआल तथा दैनिक उपयोग के कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए. पीड़ित के भतीजे संजय यादव ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर थे. अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया. इसी बीच स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी.

प्रशासन से राहत ऑर मुआवजा की मांग
सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था. ग्रामीणों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है. घटना में परिवार को काफी आर्थिक क्षति हुई है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
