Giridih: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह शंकरचक स्थित पॉम ऑयल गोदाम से 21-22 जुलाई की रात 246 टिन पॉम ऑयल चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था. गिरिडीह पुलिस ने चोरी कांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार उर्फ गोलू यादव, रूपेश कुमार यादव और कृष्णा यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन (JH15AD7871), प्राइम गोल्ड ब्रांड के 10 टिन पॉम ऑयल और तीन मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं. उसने स्वीकार किया कि दिसंबर 2024 और मई 2026 में भी इसी पॉम ऑयल गोदाम में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था. इतना ही नहीं, आरोपियों ने पिछले दो से तीन वर्षों के दौरान गिरिडीह शहर एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. इससे पुलिस को जिले में हुई कई चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जगी है.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह: कल्याणडीह नगर वन को मिली नई पहचान; बनेगा आधुनिक शहरी पार्क, मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया शिलान्यास
गिरोह के अऩ्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और बरामद सामान के अलावा चोरी किए गए शेष पॉम ऑयल की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. जल्द ही इस पूरे गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
