Report: Yogesh Kumar

Jamtara: जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरी गांव में बुधवार को एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जाने वाली पगडंडी पर पड़ा मिला. सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना कुंडहित थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी शराब की बोतल तथा एक गमछा बरामद किया है. घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त
मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी. पुलिस द्वारा पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है. थाना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है, कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या उसकी पहचान हो सके तो तत्काल कुंडहित थाना से संपर्क करें.
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: बोकारो: बहादुरपुर में आधुनिक सिलाई-कटाई प्रशिक्षण का हुआ शुभारंभ, महिलाओं को दिया जाएगा निःशुल्क प्रशिक्षण
