Giridih: वन महोत्सव के अवसर पर शनिवार को गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कल्याणडीह स्थित नगर वन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान नगर वन को आधुनिक शहरी पार्क के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई. पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार और गिरिडीह नगर निगम की महापौर निर्मला मेहरा ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर विकास कार्य का शिलान्यास किया.

पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली पर जोर
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया. अतिथियों ने ग्रामीणों के बीच फलदार पौधों और जूट के थैलों का वितरण किया. साथ ही लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पौधों की देखभाल का संकल्प दिलाया गया.लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है.
नगर वन बनेगा शहरवासियों के लिए हरित स्थल
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कल्याणडीह नगर वन का शहरी पार्क के रूप में विकास होने से शहरवासियों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का बेहतर स्थान मिलेगा. इससे पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरित झारखंड के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है और नगर वनों का विकास इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
शहर को मिलेगी बड़ी सौगात : महापौर
गिरिडीह नगर निगम की महापौर निर्मला मेहरा ने कहा कि कल्याणडीह नगर वन का विकास शहर के लिए बड़ी सौगात साबित होगा. इससे लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिलेगा तथा आने वाली पीढ़ियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.

अधिकारी और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, वन संरक्षक सह वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी अंकित कुमार सिंह, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, सहायक वन संरक्षक संजीव कुमार रवि, अनिल कुमार, मुखिया मो. शब्बीर आलम सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ.
ALSO READ:9 साल बाद थमा जमशेदपुर फुटबॉल क्लब का सफर, ISL से हटने का फैसला, अब नहीं खेलेगा कोई टूर्नामेंट
