Gumla: गुमला जिले के बिशुनपुर थाना पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी मामले के आरोपी लक्ष्मण उरांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी सेरका सियार टोली गांव का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी लक्ष्मण उरांव (45 वर्ष) अपने दो अन्य दोस्तों के साथ एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव के समीप चल रहे पुल निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचा था. वहां पहुंचकर अपराधियों ने हथियार का भय दिखाया और काम कर रहे कर्मियों से चार लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी की मांग की.

एकजुट होकर मजदूरों ने अपराधियों को खदेड़ा
हथियार देखकर डरने के बजाय निर्माण कार्य में लगे मजदूर तुरंत एकजुट हो गए और उन्होंने तीनों अपराधियों को खदेड़ना शुरू कर दिया. मजदूरों और ग्रामीणों को भारी पड़ता देख दो अपराधी तो मौके से फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन लक्ष्मण उरांव को भीड़ ने पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद गुस्साए लोगों ने लक्ष्मण की जमकर पिटाई कर दी और इसके बाद उसे बिशुनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
लंबे समय से फरार चल रहा था लक्ष्मण उरांव
पुलिस जांच और रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार लक्ष्मण उरांव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में भी विकास कार्यों से लेवी मांगने का आरोपी रहा है और लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था. उसकी लगातार फरारी को देखते हुए कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी का समन भी जारी किया था. वह गुमला से भागकर दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता था. फिलहाल पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है और फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
