Hazaribagh: हजारीबाग शहर की पहचान मानी जाने वाली ऐतिहासिक झील अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है. झील क्षेत्र को आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन, नगर निगम और पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल के तहत व्यापक बदलाव की पटकथा लिखी जा रही है. इसी क्रम में गुरुवार से झील क्षेत्र में “नो व्हीकल जोन” लागू कर दिया गया है, जिसे शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. महापौर ने कहा कि हजारीबाग झील को केवल एक जलाशय के रूप में नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक, सामाजिक और पर्यटन पहचान के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है.
नो व्हीकल जोन से पर्यटकों को मिलेगा बेहतर अनुभव
झील क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लंबे समय से चर्चा में था. नगर निगम बोर्ड से इसे “नो व्हीकल जोन” घोषित करवाने के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया. अब इसके लागू होने से झील के आसपास का वातावरण अधिक सुरक्षित, शांत और प्रदूषण मुक्त बनने की उम्मीद है. लोगों का मानना है कि वाहन रहित क्षेत्र बनने से झील के किनारे सैर करने वाले लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा. साथ ही ध्वनि और वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी.

13 करोड़ की योजनाओं पर चल रहा काम
महापौर के अनुसार वर्तमान में झील क्षेत्र में लगभग 13 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का कार्य चल रहा है. इन योजनाओं का उद्देश्य झील परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और पर्यटन की दृष्टि से अधिक आकर्षक बनाना है. इन कार्यों में झील तट का सौंदर्यीकरण, पैदल पथ एवं बैठने की व्यवस्था, हरित क्षेत्र का विस्तार, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विकास तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करना शामिल है.
पर्यटन विभाग से 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग
झील के व्यापक विकास को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग से अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये की मांग भी की गई है. इस राशि के स्वीकृत होने पर बड़ी झील को और अधिक आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा. प्रस्तावित योजनाओं में झील को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है.
ALSO READ: वेकेशन बेंच में शत प्रतिशत मामलों का हुआ निष्पादन, जस्टिस रोगोंन मुखोपाध्याय ने 853 केस निपटाए
वॉटर स्पोर्ट्स, ओपन थिएटर और आधुनिक लाइटिंग होगी आकर्षण का केंद्र
झील विकास योजना के तहत भविष्य में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है. इसके अलावा पूरे झील क्षेत्र को आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था से सजाया जाएगा, ताकि रात के समय भी यह क्षेत्र आकर्षण का केंद्र बना रहे. बच्चों, महिलाओं और परिवारों के लिए विशेष मनोरंजन सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है.
झील परिसर में विकसित किए जा रहे ओपन थिएटर में हजारीबाग के स्वतंत्रता सेनानियों और ऐतिहासिक विरासत पर आधारित म्यूजिक एंड साउंड शो आयोजित करने की योजना है. महापौर ने कहा कि यह केवल सौंदर्यीकरण परियोजना नहीं, बल्कि हजारीबाग की नई पहचान गढ़ने की शुरुआत है. उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम और शहरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया.
