Hazaribagh: सीसीएल क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएल सुरक्षा बल ने अवैध कोयला लदे तीन ट्रेलर वाहनों को जब्त किया. इस कार्रवाई ने न केवल कोयला तस्करी के संगठित नेटवर्क की परतें खोल दी हैं, बल्कि स्थानीय पुलिस और वन विभाग की कार्यशैली पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सीसीएल के गश्ती दल ने तड़के करीब तीन बजे कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को पकड़ा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलरों में अवैध रूप से कोयला लोड कर बाहर भेजा जा रहा था. सुरक्षा बल द्वारा वाहनों को रोकने के बाद पूरे मामले की सूचना संबंधित विभागों को दी गई.

महज एक किलोमीटर की दूरी, फिर भी चार घंटे बाद पहुंची पुलिस
सीसीएल सुरक्षा बल द्वारा कार्रवाई किए जाने के तुरंत बाद चरही पुलिस को सूचना दे दी गई थी. बताया जाता है कि जब्ती स्थल थाना से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर था, लेकिन पुलिस टीम को मौके पर पहुंचने में लगभग चार घंटे लग गए. सुबह करीब सात बजे पुलिस के पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न पक्षों में सवाल उठ रहे हैं. मामले को लेकर पुलिस की प्रतिक्रिया का भी इंतजार है.
वन विभाग की भूमिका पर भी उठे प्रश्न
मामले में वन विभाग की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है. बताया जा रहा है कि जिन रास्तों से कोयला लदे वाहन गुजर रहे थे, वे वन क्षेत्र से होकर आते हैं. ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोयले का परिवहन विभाग की नजरों से कैसे ओझल रहा. सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी दिए जाने पर वन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मियों की ओर से तत्काल मौके पर पहुंचने में रुचि नहीं दिखाई गई. इससे भी विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
सीसीएल ने दर्ज कराई प्राथमिकी, तस्करों पर शिकंजा कसने की तैयारी
सीसीएल प्रबंधन की ओर से चरही थाना में लिखित शिकायत देकर ट्रेलर मालिकों और मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बड़ा सवाल: क्या तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी जांच?
सीसीएल सुरक्षा बल की कार्रवाई ने एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय अवैध कोयला कारोबार को उजागर कर दिया है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच केवल वाहनों की जब्ती तक सीमित रहती है या फिर उन लोगों तक भी पहुंचती है जो इस पूरे नेटवर्क के संचालन में भूमिका निभाते हैं. यदि जांच निष्पक्ष और व्यापक हुई तो अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं. जब्त किए गए वाहनों में ट्रेलर संख्या – JH 02 BW 4791, ट्रैक्टर/ट्रेलर संख्या – NL 01 AD 2507, ट्रेलर संख्या – JH 02 BP 4691 शामिल है. तीनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
AlsoRead:शादी का झांसा देकर लगातार बनाया शारीरिक संबंध बनाया, मामले में डिस्चार्ज याचिका खारिज
