Ranchi: कांके थाना क्षेत्र के हुजूर में जमीन विवाद को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. एक आर्मी जवान के परिवार ने अजय तिर्की पर जमीन हड़पने की नीयत से लगातार दबाव बनाने, धमकी देने और घर में तोड़फोड़ कराने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले को लेकर इलाके में तनाव इतना बढ़ गया कि प्रशासन को बीएनएस की धारा 144 लागू करनी पड़ी.

कुछ लोगों की जमीन पर नजर है, परिवार का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार, आर्मी जवान अजय उरांव, उनकी पत्नी मोनिका टोप्पो और सास बुधनी देवी की खाता संख्या 134 एवं प्लॉट संख्या 1550 की जमीन पर कुछ लोगों की नजर है. परिवार का आरोप है कि अजय तिर्की लगातार जमीन छोड़ने और बदले में पैसे लेने का दबाव बना रहे थे जब परिवार ने जमीन बेचने से साफ इनकार कर दिया, तो विवाद और बढ़ गया.
परिजनों का दावा है कि बुधवार देर रात करीब 40 पुरुष और 10 महिलाओं का समूह जमीन पर पहुंचा और घर में तोड़फोड़ की. परिवार का आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकाया गया और जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई. पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई त्वरित कार्रवाई नहीं हुई.
आदिवासी नेत्री निशा भगत ने एसपी को सूचित की
परिवार का यह भी आरोप है कि जब आदिवासी नेत्री निशा भगत ने ग्रामीण एसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी, तब प्रशासन सक्रिय हुआ. बुधवार को निशा भगत विवादित जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचीं, जिसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए निशा भगत तथा आर्मी जवान के परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर सदर थाना ले गए.
लोगों में नाराजगी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्हें सुबह से देर शाम तक थाने में बैठाकर रखा गया. परिवार का दावा है कि बाद में अधिकारियों ने कहा कि उन्हें “गलती से” उठाकर लाया गया था. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बुजुर्ग महिला बुधनी देवी को कथित तौर पर अधनंगी अवस्था में घसीटते हुए कांके थाना ले जाया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है.
जमीन पर कब्जा करने की कोशिश
परिवार का कहना है कि अजय तिर्की कुछ जमीन दलालों के साथ मिलकर उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. हालांकि, इन आरोपों पर अजय तिर्की या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
AlsoRead:कोडरमा एसपी ने सतगांवा थाने में लगाया जनता दरबार, 25 मामलों का किया त्वरित निष्पादन
