Hazaribagh: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंटर साइंस कॉलेज के तत्वावधान में “स्वच्छ तालाब–स्वच्छ शहर–स्वस्थ जीवन” थीम पर जबरा तालाब में विशाल स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व महापौर अरविंद कुमार राणा और कॉलेज के प्राचार्य बसंत कुमार झा ने किया. इसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया.

कॉलेज से जबरा तालाब तक चला सफाई अभियान
अभियान की शुरुआत इंटर साइंस कॉलेज परिसर से हुई और जबरा तालाब तक पहुंची. इस दौरान प्रतिभागियों ने सड़क और तालाब के आसपास फैली गंदगी की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के पार्षद, वसुधा फाउंडेशन के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए.
ALSO READ : गैंग रेप का गिरफ्तार आरोपी बम बनाने के मामले में गया था जेल, तीन साल बाद निकला है बाहर और किया कांड
जबरा तालाब के संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी : महापौर
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि जबरा तालाब हजारीबाग की अमूल्य धरोहर है और इसके संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है. उन्होंने बताया कि नगर निगम और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हर सप्ताह विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. वहीं प्राचार्य बसंत कुमार झा ने कहा कि कॉलेज ने तालाब को गोद लिया है और इसके संरक्षण व नियमित सफाई का कार्य लगातार किया जा रहा है.
प्लास्टिक मुक्त और हरित हजारीबाग बनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वच्छ जलस्रोत और हरित हजारीबाग के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया. विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया. नगर निगम अधिकारियों ने भी इंटर साइंस कॉलेज के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायक बताया.
ALSO READ : पर्यावरण दिवस पर पाकुड़ में जागरूकता कार्यक्रमों की धूम, वृक्षारोपण और मैराथन से दिया संरक्षण का संदेश
