जामताड़ा: मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा, एक नाबालिग गिरफ्तार, 10 मोबाइल बरामद

Yogesh kumar Jamtara: शहर के सरखेलडीह मोहल्ले स्थित मोबाइल सेवा नामक दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस...

Yogesh kumar

Jamtara: शहर के सरखेलडीह मोहल्ले स्थित मोबाइल सेवा नामक दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और उसके पास से चोरी के 10 मोबाइल फोन बरामद किए है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वसीम रज़ा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 18 मई की रात अज्ञात अपराधियों ने दुकान में सेंधमारी कर करीब 36 मोबाइल फोन और नगदी की चोरी कर ली थी. चोरी हुए मोबाइलों में ओप्पो, वीवो समेत कई कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल थे. इस मामले में जामताड़ा थाना कांड संख्या 67/26 दर्ज किया गया था.

गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत प्रसाद गुप्ता, साकेत प्रताप देव, तकनीकी शाखा के संतोष कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. लगातार छापेमारी के दौरान देवघर जिले के ताराजोड़ी थाना क्षेत्र के मार्गमुंडा इलाके से करीब 16 वर्षीय एक विधि-विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया. उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.

निशानदेही पर बरामद हुए 8 और मोबाइल

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नाबालिग की निशानदेही पर अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से चोरी के आठ अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए. इस तरह अब तक कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके है. पुलिस का कहना है कि चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा होने की उम्मीद है.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, सर्किल इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत प्रसाद गुप्ता सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

ALSO READ: रांची: पिठोरिया फायरिंग केस- एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे ने कोर्ट में किया सरेंडर, पुलिस को मिली 72 घंटे की रिमांड

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *