जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण, DSO ने दिए पारदर्शी और समयबद्ध राशन वितरण के निर्देश

Palamu: जिले में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने और लाभुकों को समय पर उनका हक दिलाने के उद्देश्य से प्रशासनिक...

Palamu: जिले में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने और लाभुकों को समय पर उनका हक दिलाने के उद्देश्य से प्रशासनिक निगरानी तेज कर दी गई है. इसी क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी (DSO) प्रमोद कुमार ने चियांकी स्थित जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता बिरेन्द्र कुमार तिवारी की दुकान का औचक निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान दुकान की साफ-सफाई, राशन कार्डधारियों को नियमित रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था, सरकार की धोती-साड़ी-लुंगी वितरण योजना की प्रगति, राशन वितरण के बाद लाभुकों को रसीद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तथा खाद्यान्न के सुरक्षित रख-रखाव समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की गई.

पारदर्शिता और समयबद्ध वितरण पर जोर

निरीक्षण के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलर को निर्देश दिया कि सभी राशन कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में और समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने पर विशेष जोर दिया. DSO ने कहा कि राशन वितरण के बाद प्रत्येक लाभुक को अनिवार्य रूप से रसीद दी जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े.

सूचना बोर्ड अपडेट रखने का निर्देश

उन्होंने दुकान परिसर में लाभुकों की अद्यतन सूची, उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक और वितरण संबंधी आवश्यक सूचनाएं स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. साथ ही योजनावार खाद्यान्न का समुचित और सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित करने को भी कहा. औचक निरीक्षण के दौरान दुकान में रखे विभिन्न सरकारी अभिलेखों, स्टॉक रजिस्टर और वितरण से संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई. जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि राशन वितरण व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे.

ALSO READ: NewsWave Investigation: स्कूल की 3 वर्षीय छात्रा से मेडिकल जांच में हुई यौन उत्पीड़न की पुष्टि 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *