Chakradharpur: बंदगांव प्रखंड के कराईकेला पंचायत भवन में जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भीषम कुमार ने की. बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े सुपरवाइजरों, प्रगणकों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक के दौरान बीडीओ भीषम कुमार ने जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि बंदगांव प्रखंड में अब तक लगभग 60 प्रतिशत जनगणना कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश एवं राज्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए कार्य के दौरान पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी बरतना आवश्यक है. बीडीओ ने डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण एवं प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड वर्क के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि क्षेत्र का कोई भी घर या व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे. साथ ही कहा कि यदि किसी प्रगणक या कर्मी को मोबाइल ऐप अथवा डेटा एंट्री से संबंधित किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है, तो उन्हें आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
ALSO READ: जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण, DSO ने दिए पारदर्शी और समयबद्ध राशन वितरण के निर्देश
बीडीओ ने सभी सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करते हुए जनगणना कार्य को समय पर पूरा करने की अपील की. बैठक में सहायक चार्ज पदाधिकारी सदानंद होता, राजेश रोशन, राजू कुमार, मनोहर ओड़िया, प्रदीप महतो सहित अन्य अधिकारी एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित थे.
