-
दाखिल-खारिज, आवास योजनाओं, जलापूर्ति, आंगनबाड़ी एवं पंचायत ज्ञान केंद्रों के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर
Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने प्रखंड सभागार सतगावां में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में उपायुक्त ने अपर समाहर्ता द्वारा अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान पाए गए बिंदुओं की जानकारी ली. उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल से सतगावां प्रखंड में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की. वहीं सहकारिता पदाधिकारी से पैक्स, सहकारी समितियों एवं धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा की. वहीं जिला कृषि पदाधिकारी से बीज गुणण प्रक्षेत्र सतगावां तथा कृषक पाठशाला की गतिविधियों की जानकारी ली गई.

यह भी पढ़ें: CM हेमंत से मिले परिमल नाथवानी, बोले चुनाव पर कोई बातचीत नहीं हुई
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर डीसी ने दिया जोर
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत दुधारू गाय योजना के लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई. साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी से गैस सिलेंडर आपूर्ति एवं जन वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई. प्रखंड विकास पदाधिकारी से प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित आवासों के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक योग्य लाभार्थी तक पहुंचाना सुनिश्चित करें. उन्होंने योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया. इसके अतिरिक्त जिला पंचायती राज पदाधिकारी को सभी पंचायत सचिवालयों में संचालित पंचायत ज्ञान केंद्रों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: DC ने बरही प्रखंड का किया व्यापक भ्रमण, विभिन्न संस्थानों एवं विकास कार्यों का लिया जायजा
मौके पर ये रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पी.एम. कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नीतीश कुमार निशांत, प्रखंड विकास पदाधिकारी ओमप्रकाश बड़ाईक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
