Giridih: डुमरी थाना क्षेत्र के पिपराडीह ओवरब्रिज के समीप शनिवार को सड़क हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. दो कारों और एक बाइक के बीच हुई इस भीषण टक्कर से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाखीकला निवासी अब्बू हयात अपनी पत्नी रूबेना खातून, पुत्र अमीनुल (6 वर्ष) तथा अलीना परवीन के साथ बाइक पर सवार होकर डुमरी थाना क्षेत्र के बेरगी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान पिपराडीह ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े. इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी कार भी पहली कार से टकरा गई, जिससे दुर्घटना और भयावह हो गई.

यह भी पढ़ें: रांची: आदिवासी महिला की जमीन पर कब्जा का मामला, पांच फरार आरोपियों के घर चिपकाया गया इश्तेहार
कार सड़क पर पलट गई
हादसे में छह वर्षीय अमीनुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं अब्बू हयात, रूबेना खातून और अलीना परवीन समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया. वहीं अब्बू हयात और रूबेना खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. हालांकि धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही अब्बू हयात ने दम तोड़ दिया. अन्य घायलों का इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान और थाना पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

