Saraikela. चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर कारनीडीह-भादुडीह के समीप रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. दो सवारी टेम्पो की आमने-सामने टक्कर में 6 लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक टेम्पो पलट गया. घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है.

गलत दिशा से आए टेम्पो से हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक टेम्पो चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रहा था. उसी दौरान जमशेदपुर की तरफ से गलत दिशा में चांडिल की ओर आ रहे दूसरे टेम्पो ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद चांडिल की ओर जा रहा टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. दोनों टेम्पो में सवार यात्री बुरी तरह फंस गए.
स्थानीय लोगों ने बचाई घायलों की जान
घटना के बाद घायलों की चीख-पुकार से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो में फंसे सभी घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी 6 घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया गया.
Also Read: 0राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस के पर्यवेक्षक ने CM हेमंत सोरेन से की मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया गलत दिशा का एंगल
सूचना पर चांडिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त टेम्पो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों में 2 की हालत गंभीर है. प्रारंभिक जांच में गलत दिशा से आना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. गलत दिशा से आ रहे टेम्पो के चालक की तलाश की जा रही है और घायलों की पहचान की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने NH-33 पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन हादसे होते रहते हैं.
