Ranchi: झारखंड की सियासत और सांगठनिक बिसात पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी चुनावी मशीनरी को धार देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में एक बेहद रणनीतिक और आत्मीय पटकथा रांची के कुच्चू में लिखी गई. अमूमन बंद कमरों और बड़े होटलों में होने वाली हाई-प्रोफाइल राजनीतिक बैठक जब किसी नेता के पैतृक आवास के आंगन में उतरती है, तो वह सिर्फ राजनीति नहीं रह जाती; वह एक पारिवारिक एकजुटता का संदेश बन जाती है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड प्रवास के दूसरे दिन कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जिसने राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है.

यह भी पढ़ें: प्रिंस खान के नाम पर एक और कारोबारी से मांगी गई 5 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी

जमीन से जुड़े नेतृत्व का संदेश
इस बैठक का आयोजन स्थल अपने आप में एक बड़ा संदेश है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित पैतृक आवास पर आयोजित इस परिचयात्मक बैठक ने भाजपा के कैडर-बेस्ड और जमीन से जुड़े होने के दावे को एक बार फिर पुख्ता किया. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने न सिर्फ संगठन के दिग्गजों से संवाद किया, बल्कि आदित्य साहू के परिवारजनों से मुलाकात कर और वहीं अल्पाहार कर यह साफ कर दिया कि केंद्रीय नेतृत्व के लिए झारखंड का हर कार्यकर्ता और नेता परिवार का हिस्सा है. इस आत्मीय शुरुआत ने बैठक के माहौल को बेहद सकारात्मक और ऊर्जावान बना दिया.

‘मिशन झारखंड’ के लिए मिला महामंत्र
बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी राजनैतिक चुनौतियां, सांगठनिक विस्तार और आगामी चुनाव रहे. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा और आत्मीय संवाद स्थापित किया. सूत्रों की मानें तो नितिन नवीन ने साफ संदेश दिया है कि आगामी चुनौतियों से निपटने के लिए संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ा हथियार है.

विकसित झारखंड से विकसित भारत का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं को केवल तात्कालिक चुनावी जीत के चक्रव्यूह से निकालकर ‘विकसित झारखंड और विकसित भारत’ के वृहद संकल्प से जोड़ा. उन्होंने विस्तार से साझा किया कि कैसे एक-एक कार्यकर्ता की मेहनत देश को आगे ले जाने में रीढ़ की हड्डी का काम करेगी.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री राहत कोष से खिजरी विधानसभा के 8 जरूरतमंद परिवारों को मिली आर्थिक सहायता, विधायक राजेश कच्छप ने सौंपे चेक

एकजुटता का प्रदर्शन
सही मायनों में यह भाजपा की अंदरूनी ताकत और एकजुटता का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन था. बैठक में राज्य के लगभग हर बड़े सियासी चेहरे की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंक दिया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा भी मौजूद रहे. केंद्रीय व प्रांतीय नेतृत्व वाले नेताओं में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय और दीपक प्रकाश व विधायक व सांसद में मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, सांसद बीड़ी राम, पूर्व सांसद रविंद्र पांडे, रामटहल चौधरी और विधायक पूर्णिमा साहू, पुष्पा देवी, कमलेश सिंह समेत रांची के तीनों सांगठनिक जिलों के कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे.

