Giridih: झारखंड क्रिकेट के इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. आगामी 10 जून से रांची के क्रिकेट स्टेडियम में झारखंड क्रिकेट टी-20 लीग का आगाज होगा. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर उत्साह चरम पर है. इसी क्रम में रविवार को रांची टाइटंस टीम की ट्रॉफी यात्रा का शुभारंभ गिरिडीह से किया गया. रांची टाइटंस टीम को सलूजा गोल्ड द्वारा खरीदा गया है. ट्रॉफी टूर के तहत ट्रॉफी को गिरिडीह स्थित सलूजा गोल्ड के कॉर्पोरेट कार्यालय से विधिवत रवाना किया गया. यह ट्रॉफी झारखंड के सभी जिलों का भ्रमण करते हुए पुनः रांची पहुंचेगी, जहां लीग का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा.


खेलप्रेमियों में दिखा खासा उत्साह
गिरिडीह में ट्रॉफी ने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्थलों का भ्रमण किया. ट्रॉफी यात्रा के दौरान खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला. लोगों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. इस अवसर पर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, महापौर प्रमिला मेहरा, डिप्टी महापौर सुमित कुमार, सलूजा गोल्ड के चेयरमैन अमरजीत सिंह सलूजा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने. मौके पर वक्ताओं ने कहा कि झारखंड में पहली बार इस स्तर की पेशेवर क्रिकेट लीग का आयोजन हो रहा है, जो राज्य के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि यह लीग झारखंड में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री राहत कोष से खिजरी विधानसभा के 8 जरूरतमंद परिवारों को मिली आर्थिक सहायता, विधायक राजेश कच्छप ने सौंपे चेक
