Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में एवं रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से आयोजित 15 दिवसीय शतरंज समर कैंप का रविवार को सीताराम रुंगटा रीक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में समापन हो गया. समापन समारोह में मुख्य अतिथि सदर पुलिस पदाधिकारी बहमन टूटी, संघ के संरक्षक सह नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, दीपेंद्र प्रसाद साहू एवं संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा मौजूद रहे.

खिलाड़ियों को मिला प्रशस्ति पत्र
संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नियमित प्रशिक्षण के कारण जिले के कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. संघ की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में एक भव्य हॉल की आवश्यकता है. इस समर कैंप में कुल 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. सभी को प्रशस्ति पत्र दिए गए. मुख्य प्रशिक्षक मनीष शर्मा और सह प्रशिक्षक सूरज टीयू को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया.
यह भी पढ़ें: चतरा: गर्भवती महिला और अजन्मे बच्चे की मौत मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, मेदांता हॉस्पिटल को किया गया सील
भव्य टाउन हॉल निर्माण की मांग
संरक्षक नितिन प्रकाश ने कहा कि संघ लगातार प्रतियोगिताएं एवं प्रशिक्षण आयोजित कर रहा है. आज दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी चाईबासा में खेलने आते हैं. उन्होंने बताया कि नगर परिषद भव्य टाउन हॉल निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुरोध कर रहा है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा.
30 सितंबर से इंटरनेशनल शतरंज प्रतियोगिता
समारोह में अतिथियों ने द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के परिपत्र एवं पोस्टर का अनावरण किया. यह प्रतियोगिता 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल, चाईबासा में आयोजित होगी. अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता और भी भव्य होगी. संघ का लक्ष्य 500 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है.
यह भी पढ़ें: पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में HIV पॉजिटिव महिला का सिजेरियन ऑपरेशन, अस्पताल में हड़कंप. सुरक्षात्मक उपाय तेज
6 लाख की इनामी राशि
महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल इनामी राशि 6 लाख रुपये रखी गई है. प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 60 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 40 हजार रुपये का होगा. कुल 75 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और 50 अंडर एज ग्रुप के खिलाड़ियों को ट्रॉफी दी जाएगी. कई अंतरराष्ट्रीय ग्रैंडमास्टर एवं इंटरनेशनल मास्टर भी हिस्सा लेंगे. मंच संचालन महासचिव बसंत खंडेलवाल ने और धन्यवाद ज्ञापन सह सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा ने किया. कार्यक्रम में बलराम सुल्तानिया, नरेंद्रनाथ पांडे, अर्पित खिरवाल, सुशील चोमाल, सुनील शर्मा, सुनील रुंगटा सहित अन्य मौजूद थे.
