Ranchi : झारखंड में सूचना आयुक्तों का रास्ता साफ हो गया है. राज्यपाल ने चार नामों पर अपनी सहमति जता दी है. सहमति के बाद लोकभवन से फाइल वापस राज्य सरकार को भेज दी गयी है. अब औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आयुक्त अपना पद भार ग्रहण करेंगे. जिन नामों पर राज्यपाल की सहमति मिली है उनमें अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य खलखो और शिव पूजन पाठक शमिल हैं.
पहले लोकभवन से लौटा दी गयी थी फाइल
इससे पहले झारखंड में सूचना आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कानूनी आपत्तियां जताई थी और फाइल राज सरकार को वापस भेज दिया था. राज्यपाल संतोष गंगवार ने विशेष रूप से उन नाम पर एतराज जताया था, जो सक्रिय राजनीति दलों से जुड़े हुए थे. लोकभवन में मुख्य सचिव को निर्देश दिया था, कि इन नामों पर स्थिति स्पष्ट की जाए. बताया जा रहा है कि राजनीतिक दलों के पदाधिकारी सूचना आयुक्त बनने की निर्धारित आहर्ता पूरी नहीं कर रहे थे. इसी आधार पर फाइल लौटा दी गई थी. लेकिन एक बार फिर से उन्हें नाम पर राज्यपाल की मुहर लग गई है. यहां बता दें की मुख्य सूचना आयुक्त का पद अब भी खाली है.

लोक भवन का राज्य सरकार को कुछ निर्देश
राज्यपाल संतोष गंगवार ने उक्त नियुक्तियों कुछ शर्तों के साथ अनुमोदित की हैं. उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि झारखंड राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोग का कार्य सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की प्रक्रिया में यदि कोई प्रक्रियागत त्रुटि पाई जाती है या इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन से संबंधित कोई प्रश्न उत्पन्न होता है, तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही राज्य सरकार की होगी.
