Jamtara : जिला में देर रात करीब 11 बजे कटंकी गांव के पास ट्रैक्टर हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान सुपाएडीह निवासी लालटू हेंब्रम के रूप में की गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाली ट्रैक्टर कटंकी होते हुए सतशाल की ओर जा रहा था. इसी दौरान कटंकी गांव के पास मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे रखे ईंटों के ढेर से ट्रैक्टर टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार मजदूर लालटू हेंब्रम नीचे गिर पड़ा.
बताया जाता है कि जिस स्थान पर वह गिरा वहां पहले से गाय बांधने के लिए लकड़ी का खूंटा लगा हुआ था. गिरने के दौरान वह उसी से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गयी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गयी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक लालटू हेंब्रम अक्सर शराब के नशे में रहता था. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. लालटू अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है. जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया.
गौरतलब है कि इससे पहले 4 जून को भी जामताड़ा थाना क्षेत्र के बासनली के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई थी.

ALSO READ : राज्यपाल ने लगायी सूचना आयुक्तों के नामों पर मुहर, चार आयुक्त चुने गए
