Bokaro: के सेक्टर-12 स्थित निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) परियोजना का बुधवार को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) अजय कुमार सिंह ने निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न भवनों एवं बुनियादी ढांचे का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निर्माण कार्यों की समीक्षा
समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल भवन, मेडिकल कॉलेज भवन, ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस, गर्ल्स हॉस्टल, बॉयज हॉस्टल, इंटर्न हॉस्टल, नर्स हॉस्टल, रेजिडेंट डॉक्टर हॉस्टल, कम्युनिटी सेंटर, स्टूडेंट रिक्रिएशन सेंटर, पेशेंट रिलेटिव एकोमोडेशन, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), ईटीपी, अंडरग्राउंड वाटर टैंक समेत अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की.

मेडिकल कॉलेज की तैयारी
उन्होंने अस्पताल भवन (हॉस्पिटल बिल्डिंग) को प्राथमिकता के आधार पर मार्च 2027 तक पूरा करने का निर्देश दिया. वहीं, शेष सभी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से जुलाई-अगस्त 2027 तक पूरा करने को कहा, ताकि शैक्षणिक सत्र 2027-28 से मेडिकल कॉलेज में नामांकन एवं शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की जा सकें.
सुविधाओं का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, लेक्चर थिएटर तथा अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का अवलोकन किया. उन्होंने गुणवत्ता, उपयोगिता एवं मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
पेइंग वार्ड बनाने का निर्देश
अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल परिसर में एक पूर्ण फ्लोर पर 50 बेड का समर्पित पेइंग वार्ड विकसित करने का निर्देश दिया. साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों की व्यवस्था का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा.
पद सृजन की तैयारी
समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की ओर है. इस पर अपर मुख्य सचिव ने डॉक्टर क्वार्टर को आवश्यकतानुसार संशोधित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन (पोस्ट सैंक्शन) की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी.
नियमित निगरानी के निर्देश
अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त अजय नाथ झा को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परियोजना की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपस्थित पदाधिकारी
मौके पर उपायुक्त अजय नाथ झा, संयुक्त सचिव एल. एम. शुक्ला, अपर समाहर्ता सुनील चंद्र, सिविल सर्जन डॉ. ए. बी. प्रसाद, भवन निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह तथा के.एम.वी. प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
