ओरिया-सिंघानी ओवरब्रिज की बदहाल सर्विस रोड से फूटा लोगों का गुस्सा, धूल, अंधेरा और अधूरा निर्माण बना मुसीबत

Hazaribagh: ओरिया-सिंघानी ओवरब्रिज की सर्विस रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है. करोड़ों रुपये...

Hazaribagh: ओरिया-सिंघानी ओवरब्रिज की सर्विस रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है. करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित ओवरब्रिज के नीचे और आसपास की सर्विस रोड आज भी अधूरी पड़ी है, जिसके कारण आम लोगों को रोजाना धूल, कीचड़, जाम और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र की जनता भुगत रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस रोड को कई स्थानों पर खोदकर छोड़ दिया गया है. सड़क पर गिट्टी और मिट्टी फैली रहने से वाहनों के गुजरने पर गुब्बारे की तरह धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है. दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. धूल के कारण लोगों को आंख और श्वास संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है.

हल्की बारिश में बन जाती है दलदल

ग्रामीणों और वाहन चालकों के अनुसार, हल्की बारिश होते ही सर्विस रोड की स्थिति और भी खराब हो जाती है. सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण वाहन फंस जाते हैं तथा कई बार घंटों तक आवागमन बाधित रहता है. भारी वाहनों के फंसने से लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी और उबड़-खाबड़ सड़क के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं. विशेषकर रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है. सड़क पर उचित संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया.

ALSO READ : हजारीबाग में गाय खरीद लोन योजना पर घोटाले के आरोप, जिला स्तर पर जांच की उठी मांग

दो वर्षों से बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें

लोगों की सबसे बड़ी शिकायत ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटों को लेकर है. उनका कहना है कि लगभग दो वर्षों से ओवरब्रिज पर स्थापित लाइटें केवल सजावट की वस्तु बनकर रह गई हैं.  रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं. चोरी, छिनतई और अन्य अवैध गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है. इसके अलावा अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है. स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब ओवरब्रिज निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, तो सर्विस रोड और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी क्यों की जा रही है. उनका कहना है कि अधूरे कार्यों के कारण जनता को सुविधा के बजाय परेशानी झेलनी पड़ रही है.

शीघ्र कार्रवाई की मांग

राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि ओरिया-सिंघानी ओवरब्रिज की सर्विस रोड का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही ओवरब्रिज और आसपास के क्षेत्र में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उनका मानना है कि सुरक्षित और सुगम आवागमन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसके लिए संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.

ALSO READ : RIMS लैंड स्कैम मामलाः आरोपी की एबीपी पर अब 18 जून को सुनवाई, प्रार्थी ने मांगा समय

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *