Ranchi: दहेज प्रताड़ना मामले के आरोपी से 25 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार सिटी के वरीय डीएसपी के पूर्व रीडर से जुड़े मामले में शुक्रवार को एसीबी की अदालत में सुनवाई हुई. हालांकि अभियोजन स्वीकृति नहीं आने के कारण आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी. इसके बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 18 जून निर्धारित की है. आरोपी वर्तमान में जमानत पर है.
घूस लेने का है आरोप
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने रांची सिटी के वरीय डीएसपी के रीडर सिपाही सुनील पासवान उर्फ सुनील जी को 25 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था. वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र स्थित लखना गांव का निवासी है.

पीड़ित ने की थी शिकायत
रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के पोटमदगा गांव निवासी मिथुन कुमार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी कि सिटी डीएसपी रांची के रीडर सुनील पासवान ने उनके बड़े भाई वनरक्षी जितेंद्र कुमार को दहेज प्रताड़ना मामले में बचाने और केस को हल्का करने के एवज में 40 हजार रुपये घूस की मांग की है. बाद में यह सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ था.
Also Read: घूस लेने के आरोपी होमगार्ड ऑफिस के मुंशी को नहीं मिली बेल
दहेज प्रताड़ना का मामला
वनरक्षी जितेंद्र कुमार के विरुद्ध चुटिया थाना में 5 मई 2025 को कांड संख्या 103/25 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई थी.
सत्यापन में सही मिले आरोप
एसीबी ने शिकायत मिलने के बाद मामले का विधिवत सत्यापन किया. जांच के दौरान रीडर सिपाही सुनील पासवान पर लगाए गए आरोप सही पाए गए. पीड़ित के आवेदन और एसीबी की सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर 15 अक्टूबर 2025 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची थाना में कांड संख्या 19/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
