Koderma: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी बिरसा हरित ग्राम योजना (बीएचजीवाई) के तहत उत्पादित आमों के विपणन एवं बागवानी लाभुकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मरकच्चो प्रखंड परिसर में आम उत्सव मेला का आयोजन किया गया.मेले का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी हुलास महतो, अंचल अधिकारी परमेश्वर कुशवाहा, JSLPS के BPM सूरज कुमार तथा सीडीपीओ गीता सोय सहित अन्य पदाधिकारियों और कर्मियों ने संयुक्त रूप से किया.
मेले में आम बागवानी लाभुकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों से 405 किलोग्राम कच्चे आम की बिक्री 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की गई. वहीं, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) मरकच्चो द्वारा 60 किलोग्राम पके आम की बिक्री 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की गई. इस तरह मेले में कुल 465 किलोग्राम आम की बिक्री हुई.

अधिकारियों ने बढ़ाया लाभुकों का उत्साह
प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी ने स्वयं आम खरीदकर लाभुकों का उत्साहवर्धन किया. साथ ही उपस्थित लोगों को बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभों की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि योजना के तहत लाभुक आम बागवानी के साथ-साथ सब्जी एवं अन्य फसलों का उत्पादन कर अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं.अधिकारियों ने मनरेगा और जेएसएलपीएस के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए कहा कि इसी संयुक्त प्रयास का परिणाम है कि आम उत्सव मेले जैसी गतिविधियों का सफल आयोजन संभव हो सका है.
बाजार से जोड़ने के लिए आगे भी होंगे ऐसे आयोजन
पदाधिकारियों ने कहा कि लाभुकों को बाजार से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखा जाएगा. इस अवसर पर JSLPS के BPM दिनेश्वर पासवान, एडमिन संतोष कुमार दास, प्रभात कुमार, अमित कुमार, मनोज कुमार, अमरदीप कुमार, बिरंजू कुमारी, रेशमी कुमारी, भीम कुमार, सभी बीआरपी तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ: 5.3 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया युवक दोषी करार, सजा पर फैसला 16 जून को
