Jamtara: समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त सह जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) अध्यक्ष आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट, जामताड़ा की शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई. बैठक में दुमका लोकसभा क्षेत्र के सांसद नलिन सोरेन, झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे.
योजनाओं की समीक्षा
बैठक में डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई. साथ ही खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है.
डिजिटल क्लास पर चर्चा
बैठक के दौरान जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑनलाइन डिजिटल क्लास शुरू करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि डिजिटल क्लास के माध्यम से आईआईटी एवं अन्य संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई कराएंगे, जिससे छात्रों को बोर्ड परीक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी.
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
इसके अलावा बैठक में आसनचुआ विद्यालय के जीर्णोद्धार, फतेहपुर बाजार में पुलिस टीओपी निर्माण, दुलाडीह आवासीय विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण तथा सदर अस्पताल में डायलिसिस सेंटर के लिए आवश्यक मशीनों की खरीद को लेकर भी निर्णय लिया गया.
अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.


