Ranchi: झारखंड की हवाई तस्वीर तेजी से बदल रही है और इसकी सबसे बड़ी मिसाल बिरसा मुंडा एयरपोर्ट है. पिछले एक दशक में एयरपोर्ट ने न सिर्फ यात्री संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की है, बल्कि राजस्व, विमान परिचालन और माल ढुलाई के मामले में भी उल्लेखनीय प्रगति की है. यही वजह है कि अब यह एयरपोर्ट राज्य के आर्थिक विकास का मजबूत आधार बनकर उभरा है. वर्ष 2014-15 में जहां करीब 6.5 लाख यात्रियों ने रांची एयरपोर्ट से सफर किया था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 27 लाख सालाना तक पहुंच गई है. बढ़ती मांग के साथ एयरपोर्ट की आय में भी लगातार इजाफा हुआ है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में एयरपोर्ट ने 87.56 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया.
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव: 2 सीटें, 3 चेहरे और हॉर्स ट्रेडिंग का साया; झारखंड राज्यसभा चुनाव में विधायकों के पीछे लगी खुफिया विभाग
एयरपोर्ट पर कई आधुनिक सुविधाएं
हवाई सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने एयरपोर्ट पर कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की हैं. नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर, अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम, यात्री बोर्डिंग ब्रिज, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और टर्मिनल के आधुनिकीकरण ने यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाया है. वर्ष 2024-25 में एयरपोर्ट से 41 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की. इस दौरान विमान परिचालन में 7.8 प्रतिशत और कार्गो परिवहन में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई. इसका सीधा लाभ राज्य के व्यापार, पर्यटन और उद्योग क्षेत्र को मिला है.

यह भी पढ़ें: केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, गुणवत्ता और प्रगति का वरीय पदाधिकारियों ने लिया जायजा


