Chakradharpur : चक्रधरपुर के लिए गर्व का क्षण तब आया जब शहर के प्रतिभाशाली बाल शतरंज खिलाड़ी आदित्य राज का चयन राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप के लिए हुआ. महज 7 वर्ष की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल कर आदित्य ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे चक्रधरपुर और झारखंड का नाम रोशन किया है. कम उम्र में ही शतरंज की बिसात पर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय देने वाले आदित्य राज ने अंडर-7 श्रेणी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक और सम्मान अपने नाम किए हैं. लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित चेस चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिला है.
7 वर्षीय आदित्य राज का राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप के लिए चयन
इस उपलब्धि पर चक्रधरपुर नगर अध्यक्ष सन्नी उरांव और नगर उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने आदित्य राज को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आदित्य का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पूरे शहर और राज्य के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि यह सफलता आदित्य की कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन तथा उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चक्रधरपुर और झारखंड को नई पहचान दिलाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को समाज और प्रशासन से निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए ताकि वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकें. आदित्य की इस उपलब्धि से शहरवासियों में उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की कामना की है. खेल प्रेमियों का मानना है कि आदित्य आने वाले वर्षों में शतरंज की दुनिया में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे.
Also Read : होम गार्ड जवानो के लिए बैंक खोलेगा जीरो बैलेंस सैलरी खाता, मिलेगा 30 लाख तक का मुफ्त बीमा लाभ


