Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चरही घाटी में रविवार की सुबह कोल्डड्रिंक से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पलटने के बाद उसका चालक वाहन के केबिन में ही फंस गया. घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
चालक गंभीर घायल, क्रेन से निकाला गया बाहर
चालक को सुरक्षित निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक के अंदर से बाहर निकाला गया. दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया. हादसे के कारण घाटी मार्ग पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर सड़क को पुनः चालू कराया, जिसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका.
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. स्थानीय लोगों ने पुलिस के त्वरित बचाव अभियान की सराहना की, जिसकी बदौलत चालक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका.
Also Read : RIMS के पीछे तालाब में मिला युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस


