Hazaribagh : अंचल कार्यालय की लापरवाही और मनमानी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक गरीब पिता अपनी बेटी की शादी के लिए अपनी ही जमीन बेचने में असमर्थ है. जिसकी वजह है अंचल कार्यालय द्वारा समय पर एलपीसी ( Land Possession Certificate ) दिया नहीं किया जाना. मामला कटकमसांडी प्रखंड के डोंबवा पंचायत के चुरी गांव निवासी एजुल हक से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने के लिये उन्हें अपनी जमीन बेचनी है. इसके लिए उन्होंने सभी आवश्यक दस्तावेजों और शपथ पत्र के साथ 6 मई 2026 को कटकमसांडी अंचल कार्यालय में एलपीसी निर्गत करने के लिए आवेदन दिया था.
अचंल अधिकारी ने किया था निरीक्षण
आवेदक का कहना है कि आवेदन के बाद अंचल अधिकारी की ओर से स्थल निरीक्षण भी किया गया लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो भूमि प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया और न ही एलपीसी जारी किया गया. एलपीसी नहीं मिलने के कारण जमीन की बिक्री नहीं हो सकी. जिससे उनकी बेटी की शादी की तारीख दो बार टालनी पड़ी.
अब विवाह की अंतिम तारीख 26 जून निर्धारित की गई है, लेकिन अब तक एलपीसी जारी नहीं होने से परिवार गंभीर चिंता में है. पीड़ित पिता का आरोप है कि उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. इसके बावजूद उन्हें लगातार अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
डीसी कार्यालय के समक्ष करेंगे आत्मदाह
इस मामले को लेकर उन्होंने डीसी हेमंत सती को आवेदन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है. आवेदन में उन्होंने स्पष्ट कहा है कि यदि इस बार भी एलपीसी जारी नहीं हुआ और बेटी की शादी प्रभावित हुई, तो वह अंचल कार्यालय परिसर में आत्मदाह करने को विवश होंगे.
गौरतलब है कि शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में डीसी ने जनहित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही थी और अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिया था. इसके बावजूद कटकमसांडी अंचल कार्यालय में एक साधारण एलपीसी के लिए महीनों तक फाइल लंबित रहना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
ALSO READ : झारखंड और बिहार के सियासी गलियारे से महाधमाका : बिहार के महाधिवक्ता पीके शाही का इस्तीफा


